मंडी : धर्मवीर – पूरे प्रदेश में बारिश आफत बनकर बरस रही है। पिछले 2 दिनों से जारी लगातार बारिश से मंडी जिला में भी हालात बद से बदतर हो गए हैं। लगातार बारिश के चलते पंडोह डैम से भारी संख्या में पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे व्यास नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है।
खतरे के निशान से कहीं जाकर ऊपर बह रही ब्यास
ब्यास नदी अब खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। स्थानीय वासियों की मानें तो 28 साल पहले 1995 में व्यास नदी का इतना रौद्र रूप देखने को मिला था। व्यास व सकोडी खड तट पर बना ऐतिहासिक पंचवक्त्र महादेव मंदिर जलमग्न हो गया है। वहीं हनुमान घाट के चारों ओर भी पानी का जलभराव हो गया है। पंचवक्त्र महादेव के साथ लगती पार्किंग पूरी तरह से जलमग्न हो गई है। वाहन मालिकों ने खतरे को भांपते हुए पहले ही यहां से गाड़ियों को सुरक्षित निकाल लिया था। वहीं व्यास नदी के किनारे बना श्मशान घाट भी पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। ब्यास नदी के पानी में अभी भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले दिन से ही मंडी में आज भी बारिश का क्रम लगातार जारी है। वन विभाग के खलियार में स्थित आवासीय परिसर में भी जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। विभाग ने यहां से 4 आवासीय परिसरों को खाली करवा कर, रेस्ट हाउस में उनके ठहरने की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
वहीं, एडीएम अश्विनी कुमार ने बताया कि रविवार सुबह 10 बजे तक प्राप्त सूचना के मुताबिक मंडी जिले में नेशनल हाईवे 21 मंडी-कुल्लू समेत 173 सड़कें अवरूद्ध हैं। वहीं बिजली के 311 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। जिले के 3 मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड़ बंद हैं। उन्हें बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। वहीं पद्धर उपमंडल के गड़ गांव के 70 वर्षीय साजू राम के लोकल खड्ड में बहने की सूचना मिली है। इसके अलावा बिंद्रावनी में एक अज्ञात शव मिला है।
पंडोह डैम से लगातार छोड़ा जा रहा पानी
पंडोह डैम से डेढ लाख क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है। ब्यास नदी अपने खतरे के निशान से कहीं उपर जाकर बह रही है। जिला के सभी नदी नाले इस वक्त अपने पूरे उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपने घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी ने जिला वासियों से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के टोल फ्री 1077 नम्बर अथवा दूरभाष नम्बर 01905-226201, 202, 203, 204 पर सूचित करें । आपदा प्रबन्धन केन्द्र चौबीस घंटे क्रियाशील है।
