मंडी : धर्मवीर – मंडी जिला के नगर परिषद सुंदरनगर के सलाह वार्ड में जवाहर पार्क के निकट सेवानिवृत पुलिस अधिकारी के घर में वीरवार सुबह चोरों ने सेंध लगाकर करीब 7 लाख के स्वर्ण आभूषणों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। हालांकि जिस कमरे में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया वहां पर सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी की दो छोटी पोतियां सोई हुई थी। उन्होंने आहट होने पर सोचा की घर का ही कोई व्यक्ति अलमारी खोल रहा है। सुबह उठने पर चोरी होने का पता चला तो थाना सुंदरनगर में इस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई।
सेवानिवृत पुलिस अधिकारी रोशन लाल सेन की बहू प्रोमिला सेन ने बताया कि चोरों ने सेंध लगाकर घर में रखी पुरानी अलमारी का लॉक तोड़कर उसके अंदर से सोने की नथ, कड़ा, 4 अंगुठियां, कांटे, चाक व चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ करने के साथ-साथ लॉकर में रखे करीब 50 से 60 हजार की नगदी भी चुरा ली। हालांकि आहट होने पर एक लड़की थोड़ी जगी लेकिन उसने सोचा की घर का कोई सदस्य अलमारी खोल रहा है और वह फिर सो गई। लेकिन सुबह पता चला की कोई चोर सेंध लगा गया है।वहीं, वार्ड पार्षद शिव सिंह सेन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस गशत को बढ़ाया जाए और बाहर से आकर रह रहे लोगों की कड़ाई से जांच की जाए।
डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार ने बताया सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।
