सचिन शर्मा, मनाली:जैसे- जैसे अब मतदान का समय नजदीक आता जा रहा है तो वैसे-वैसे अब हिमाचल सहित मनाली का माहौल भी पूरी गर्माता जा रहा है । भाजपा, कांग्रेस और आप पार्टी के बड़े-बड़े नेताओं ने भी इन दिनों हिमाचल में दस्तक दी है और अपनी पार्टी के पत्याशी के पक्ष में एक के बाद एक ताबड़तोड़ रैलीयां कर रहे हैं और एक दुसरे पर जमकर आरोप प्रत्यारोप भी लगा रहे हैं । इसी कड़ी में गुरुवार को मनाली विधानसभा क्षेत्र के सेउबाग में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी भुवनेश्वर गौड़ के पक्ष में चुनावी प्रचार क़िया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से प्रतिभा सिंह का पूरी गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस के सभी नेता एक साथ मंच पर नजर आए । वहीं इस दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश में एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बनने के बात भी कही । मिडिया से रूबरू होते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि लेागों में बहुत जोश है लोग चाहते हैं कि प्रदेश में एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बने ।
उन्होंने कहा कि भाजपा की बातों में कोई दम नहीं है। वह डबल इंजन की बात करते हैं रिवाज बदलने की बात करते हैं । लोग इन बातों सें प्रभावित नहीं होते हैं। लोग देखते हैं कि किया क्या। भाजपा अपने पांच साल में काम गिनाए। उन्होंने भाजपा नेता संबित पात्रा की कही हुई बात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संबित पात्रा भाजपा के बहुत वरिष्ठ नेता हैं पर इस तरह की बात करना उन्हें शोभा नहीं देता।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि हमें पता है कि हमने पहले भी लोगों को आश्वासन दिए हैं और काम किए हैं । प्रतिभा सिंह से जब महिलाओं को दिए जाने वाले 1500 रूपए के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस पर पूरा अध्ययन किया गया है। फाईनेंशियल एक्सपर्ट से भी इस बारे में राय ली गई है और यह दिया जाएगा ।
