कांगड़ा,राहुल-:जिला कांगड़ा के शक्तिपीठों में देवी दर्शनों के लिए पंजाब से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मोटरसाइकिलों पर पहुंच रहे हैं। हर दिन हजारों दोपहिया वाहन कांगड़ा जिले में प्रवेश कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के चलते प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भीड़ बढ़ने के साथ यातायात व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया है।बड़ी संख्या में बाइक सवारों के पहुंचने के कारण कांगड़ा और मैक्लोडगंज में जाम की स्थिति सामने आ रही है। वहीं, कुछ बाइक सवारों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी किए जाने को लेकर पुलिस भी सतर्क है। ट्रिपल राइडिंग, ओवरस्पीडिंग और मोटरसाइकिलों पर झंडे लगाने जैसी गतिविधियों पर पुलिस नजर रख रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की जा रही है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दिन ही करीब 1500 से 2000 बाइक सवार कांगड़ा जिले में पहुंचे। इतनी बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों के आने से कांगड़ा शहर और मैक्लोडगंज में यातायात प्रभावित हुआ।एसपी ने बताया कि बरसात के कारण मैक्लोडगंज रोड और कांगड़ा-समेला मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। इन स्थानों पर मरम्मत कार्य जारी होने के कारण भी यातायात की रफ्तार प्रभावित हो रही है।जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की जा रही है। सड़क की स्थिति को लेकर मामला लोक निर्माण विभाग के समक्ष भी उठाया गया है, ताकि क्षतिग्रस्त हिस्सों की जल्द मरम्मत हो सके। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस स्टाफ भी तैनात किया जा रहा है।पुलिस ने पंजाब से आने वाले बाइक सवार श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, तेज गति और ट्रिपल राइडिंग से बचें तथा सुरक्षित तरीके से वाहन चलाकर देवी दर्शनों के लिए यात्रा करें।
