Mandi, Dharamveer -हिमाचल प्रदेश की नई जॉब ट्रेनी पॉलिसी के विरोध में हिमाचल अनएम्प्लॉयड यूथ फेडरेशन (HUYF) ने 31 जुलाई को मंडी में विशाल विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। यह निर्णय फेडरेशन ने मंडी में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान लिया।
फेडरेशन के नेता विशाल मंढोत्रा ने कहा कि यह पॉलिसी बेरोजगार युवाओं के साथ एक क्रूर मजाक है। “एक युवा सालों की मेहनत के बाद परीक्षा पास करता है, लेकिन सरकार उस पर भरोसा करने के बजाय बार-बार परीक्षाओं के बोझ से गुजरने पर मजबूर करती है,” उन्होंने कहा।उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है और अंततः नौकरियों का आवंटन उन कंपनियों के माध्यम से होता है जो नेताओं के परिवारों से जुड़ी होती हैं। उन्होंने मांग की कि प्रदेश सरकार इस पॉलिसी को तुरंत रद्द करे और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी व निष्पक्ष बनाया जाए।
प्रेस वार्ता में मौजूद अन्य युवाओं ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे पुष्प राज ने कहा, “सरकार की बार-बार परीक्षा लेने की प्रक्रिया हमारे आत्मविश्वास और मनोबल को तोड़ रही है। यह युवाओं के साथ अन्याय है और हम अब चुप नहीं बैठेंगे।”फेडरेशन का दावा है कि इस विरोध प्रदर्शन में एक हजार से अधिक बेरोजगार युवा शामिल होंगे और प्रदेश सरकार को मजबूर करेंगे कि वह इस पॉलिसी को वापस ले।
मुख्य मांगें:
- जॉब ट्रेनी पॉलिसी को तुरंत रद्द किया जाए।
- भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया में पारदर्शिता और एकरूपता लाई जाए।
- बार-बार परीक्षा लेने की प्रक्रिया बंद हो।
- परीक्षा लेने वाली संस्थाओं की प्रणाली में सुधार किया जाए।
