राहुल चावला, धर्मशाला: स्मार्ट सिटी धर्मशाला में शहर के पास जहां भी वन क्षेत्र है वहां अतिक्रमण को रोकने के लिए अब वन विभाग ने अपने प्लान के तहत काम करना शुरू कर दिया हैं। वन विभाग ने इस अतिक्रमण को रोकने के लिए एक प्लान तैयार किया है, जिसके तहत खाली जगह पर अतिक्रमण ना हो और गंदगी ना फैले इसके लिए उन क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा हैं। वन क्षेत्र में जहां भी जगह खाली हैं वहां वन विभाग की ओर से पार्क का निर्माण किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को सुविधा मिल सके और जगह का सही इस्तेमाल भी किया जा सके।
अपने इस प्लान को पूरा करने के लिए वन विभाग 3 प्रोजेक्ट इंप्लीमेंट कर रहा है। विभाग की ओर से इसे फेज टू,फेज थ्री ओर फेज फोर का नाम दिया गया है। इसके तहत मैक्सिमस मॉल के पास कैंची मोड़ के एरिया का सौंदर्यीकरण का काम किया जा रहा है। इसके अलावा सर्किट हाउस के पास के वन क्षेत्र का भी सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। वहीं खनियारा के समीप भी एक पार्क निर्माण प्रस्तावित किया गया है, जिसकी लागत 99 लाख के करीब है।
डीएफओ धर्मशाला डॉ. संजीव शर्मा ने बताया कि फेज टू , फेज थ्री ओर फेज फोर के तहत शहर में सौंदर्यीकरण का यह काम पूरा किया जा रहा है। फेज थ्री के तहत शहीद स्मारक के पास वन वाटिका का निर्माण विभाग की ओर से किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के तहत शहीद स्मारक के पास 95 लाख की लागत से सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त डिपो बाजार के पास वन भूमि पर कचरे की समस्या से निपटने के लिए फेज-4 के तहत पार्क का निर्माण प्रस्तावित हैं। पार्क बना कर वहां फूलों के पौधे रोपित किए जाएंगे। मेडिटेशन प्वाइंट बनाए जाएंगे, पार्क भ्रमण, योग, रेस्टिंग प्वाइंट, वॉकिंग पॉथ हर एक पार्क में बनाए जाएंगे।
