बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – एक स्वस्थ समाज बनाने के लिए और देश को आगे बढ़ाने के लिए बालिकाओं को मजबूत करना बहुत जरूरी है। यह बात घुमारवीं के विधायक राजेश धर्माणी ने बाल विकास विभाग द्वारा घुमारवीं द्वारा राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
राजेश धर्माणी ने कहा कि आज बेटियाँ हर क्षेत्र में नये आयाम स्थापित कर रही है लेकिन अभी भी बेटियों की मजबूती के लिए काम करना पड़ेगा और इसमें हम सभी को सहयोग करना होगा क्योंकि केवल सरकार द्वारा बनाई गई योजनाओं से ही बेटियाँ मजबूत नहीं होंगी बल्कि इसके लिए सभी को अपने अपने स्तर पर योगदान देना होगा। उन्होने कहा कि इसके लिए हम सब को एक अभियान चलाना होगा और एक ऐसा वातावरण तैयार करना होगा ताकि बेटियाँ बिना किसी डर के आगे बढ़े। इस के लिए हमें निरंतर काम करना होगा। इस अवसर पर जहाँ बेटियों व महिलाओं ने विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए वहीं केक काट कर बालिका दिवस मनाया। वहीं बहुत सी महिलाएं अपने घरों से तरह तरह के पकवान लेकर आई थी , जिन का आनंद राजेश धर्माणी ने भी लिया और महिलाओं की पाक कला की जमकर तारीफ की।
