राहुल चावला, मैक्लोडगंज: प्रदेश में दो दिनों तक मौसम खराब रहने के बाद शनिवार को धूप खिली। धूप खिलने से जहां लोगों को ठंड से थोडी राहत मिली तो वहीं पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में नववर्ष मनाने पहुंचे पर्यटकों ने भी शनिवार को खिली धूप में घूमने का आनंद लिया। सुबह से ही देश के विभिन्न राज्यों के पर्यटक अपने वाहनों में मैक्लोडगंज पहुंचना शुरू हो गए थे। जिला के विभिन्न हिस्सों के लोग भी परिवार सहित मैक्लोडगंज आ रहे थे।
पर्यटकों की भारी आमद के चलते यातायात दबाव के बीच रुक-रुक कर जाम की स्थिति भी बन रही थी, लेकिन पुलिस के बेहतर प्रबंधन से पर्यटकों को दिन के समय लंबे जाम में फंसकर परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। वहीं नववर्ष पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन रिजर्व सहित क्यूआरटी तैनात की गई हैं। देश के विभिन्न राज्यों के परिवार सहित नववर्ष मनाने पहुंचे पर्यटक धर्मशाला के मौसम के मुरीद हो गए।
पुलिस मैनेज कर रही ट्रैफिक : प्रशांत
ग्वालियर से परिवार सहित आए प्रशांत सिंघल का कहना हैं कि यहां मौसम काफी अच्छा हैं। धूप खिली हैं और वह परिवार संग घूमने का आनंद ले रहे हैं। ट्रैफिक ज्यादा है, लेकिन पुलिस ने मैनेज किया है।
मैक्लोडगंज में मनाएंगे नया साल : अनंत
मोरेना से आए अनंत उपाध्याय ने कहा कि मैक्लोडगंज में बहुत अच्छा लग रहा हैं। इससे पहले वह डलहौजी और खजियार घूमे हैं, नया साल परिवार सहित मैक्लोडगंज में मनाएंगे।
लोगों की भीड़ हो गई हैं जमा : अर्पित
मोरेना से आए अर्पित सिंघल मैक्लोडगंज में आकर अच्छा लग रहा है। नववर्ष मनाने कई लोग यहां आए हैं, लोगों की यहां काफी भीड़ जमा है। वहीं जालंधर से आए युवराज वर्मा ने कहा कि ट्रैफिक की वजह से हम फरसेटगंज से पैदल ही मैक्लोडगंज मुख्य चौक पर पहुंचें हैं। न्यू ईयर दोस्तों के साथ मैक्लोडगंज में ही मनाएंगे।
न करें, हुड़दंगबाजी : एसएचओ
मैक्लोडगंज पुलिस थाना के प्रभारी रिंकू सूर्यवंशी ने नववर्ष मनाने आए पर्यटकों से अपील की है कि पर्यटक नववर्ष मनाने आए हैं तो इंज्वाय करें, लेकिन नशाबाजी और हुड़दंगबाजी न करें अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 3 रिजर्व पुलिस सहित क्यूआरटी भी तैनात रही। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस की भी मूवमेंट जारी रही।
