Mandi, Dharamveer (TSN)- किरतपुर-मनाली फोरलेन पर स्थित टकोली टोल प्लाजा पर रविवार रात एक गंभीर विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। जानकारी के अनुसार पंजाब से आए कुछ पर्यटकों ने टोल शुल्क न देने पर जमकर हंगामा किया और हिंसा पर उतर आए।
घटना रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है, जब जालंधर निवासी 7-8 पर्यटक दो गाड़ियों—थार और फॉर्च्यूनर में सवार होकर मनाली से लौट रहे थे। पहली गाड़ी में फास्टैग लगा था और सामान्य रूप से टोल कट गया। लेकिन दूसरी गाड़ी (फॉर्च्यूनर) पर फास्टैग न होने के कारण टोल कर्मचारी आशीष अटल ने नियमानुसार 220 रुपये की मांग की।इस पर पर्यटक भड़क उठे और टोल देने से इनकार कर मारपीट पर उतर आए। विवाद के बीच जब कर्मचारी विपिन कुमार ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो एक पर्यटक ने तलवार निकालकर उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद एक अन्य युवक ने पत्थर से हमला किया।
स्थानीय लोगों ने जब विरोध किया तो इन पर्यटकों ने उन्हें गाड़ी से कुचलने की कोशिश की। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज
पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंडी की एसपी साक्षी वर्मा ने घटना की पुष्टि की है और कहा है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
