संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में जैसे ही सर्दियों ने दस्तक दी है और पहाड़ियों पर बर्फ की चादर बिछ गई है तो वैसे ही पर्यटकों की आमद भी हिमाचल में बढ़ने लगी है। राजधानी शिमला में पर्यटक क्रिसमस और न्यू ईयर से पहले ही घूमने के लिए पहुंचने लगे हैं। वहीं क्रिसमस और न्यू ईयर ईव के लिए भी अभी से पर्यटक शिमला के होटलों में एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं।
इस बार नवंबर में ही बर्फबारी होने के चलते पर्यटकों को व्हाइट क्रिसमस और न्यू ईयर पर बर्फबारी का दीदार होने की उम्मीद बढ़ गई है। यही वजह है कि पर्यटक पहले से ही होटलों में अपनी एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं। शिमला के साथ-साथ कुफरी, नारकंडा, मशोबरा के होटल और होम स्टे की एडवांस बुकिंग चल रही है। शिमला शहर के होटलों में करीब 25 फीसदी कमरे एडवांस बुक हो चुके है। मॉल रोड के आस पास के होटलों में ओक्यूपेंसी 90 फीसदी तक पहुंच गई है। ऐसे में नवंबर माह में ही शहर के बड़े होटल एडवांस में पैक होने की संभावना है। वहीं दिसंबर में सैलानीयों को होटल ढूंढ़ने में मुश्किल हो सकती है।
वीकेंड में शिमला के होटल 70 फीसदी तक भर जाते है लेकिन 15 दिसंबर के बाद विंटर सीजन शुरू होगा तो ऐसे में कारोबार में तेज़ी की संभावना अभी से ही नजर एक रही है। होटल एंड रेस्टोरेंटस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा का कहना है वीकेंड में दिल्ली, उत्तर प्रदेश पंजाब, हरियाणा का टूरिस्ट काफी संख्या में हिमाचल आता है, जिससे ओक्यूपेंसी 70 फीसदी तक पहुंच रही है। होटल कारोबारी सैलानियों को लुभाने के लिए अपने अपने होटल में डिस्काउंट सहित पैकेज जारी कर चुके है, जिसमें 20 से 30 प्रतिशत का डिस्काउंट दिया जा रहा है। ऑफर्स मिलने से एडवांस बुकिंग बढ़ गई है, आगामी दिनों में एडवांस बुकिंग में इजाफा होने की संभावना है।
निजी होटल मैनेजर वीरेंद्र नेगी का कहना है इलेक्शन होने के बाद कारोबार में उछाल आया है। मॉल रोड के साथ लगते होटल का आलम यह है कि वीकेंड में 90 फीसदी तक पैक हो रहे है। एडवांस बुकिंग भी 70 फीसदी हो चुकी है। बर्फबारी होते ही कारोबर बढ़ने की उम्मीद है और बेहतर कारोबार की संभावना है जिससे कारोबारी काफी खुश है। बता दें कि सैलानीयों को शिमला का मौसम अपनी और आकर्षित कर रहा है जो सैलानी शिमला पहुंच रहे है उनका यह कहना है यहां का मौसम उन्हें अपनी और आकर्षित करता है । शिमला का मॉल रोड और आस पास के टूरिस्ट प्लेस कुफ़री,नालदेहरा, फागू, नारकंडा आदि में सैलानी सबसे ज्यादा जाना पसंद करते है।
