Una, Rakesh-विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक धार्मिक स्थल ब्रमोह्ती में रविवार शाम को एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की सतलुज दरिया में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान रितांश बाली (पुत्र उमेश बाली, निवासी गांव कलसेहड़ा) और विकास शर्मा (निवासी लुधियाना, जो हाल ही में अपने ननिहाल गांव थलूह आया हुआ था) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास शर्मा अपने परिवार के साथ ब्रमोह्ती मंदिर माथा टेकने आया था। माथा टेकने के बाद वह सतलुज दरिया में नहाने चला गया, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव का अनुमान न लग पाने के कारण वह डूबने लगा। उसे डूबते देख रितांश बाली ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव में बह गया।दो अन्य युवक भी उन्हें बचाने के प्रयास में दरिया में उतरे, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया। कलसेहड़ा निवासी रितांश बाली का शव गोताखोर कमलप्रीत की टीम ने बरामद कर लिया है, जबकि अंधेरा होने के कारण विकास शर्मा का शव देर रात तक नहीं मिल पाया।सूचना मिलते ही मेहतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रितांश बाली का शव सिविल अस्पताल भेजा गया है। इस घटना से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
