मनमिंद्र अरोड़ा, कुल्लू – जिला के प्रमुख पर्यटक गंतव्यों में आगामी 13 अगस्त को तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। । ये कार्यक्रम आजादी के अमृत महोत्सव की कड़ी में हर घर तिरंगा कार्यक्रम को व्यापक रूप देने के लिये किया जाएगा।
उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने बताया कि महिला व युवक मण्डलों, स्कूली बच्चों व विभिन्न संस्थाओं को लोगों को सम्मिलित करके अटल टनल रोहतांग, जलोड़ी जोत, रोहतांग पास, बिजली महादेव इत्यादि स्थलों पर लोगों के समूहों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।
आशुतोष गर्ग ने कहा कि 12 अगस्त को प्रातःकाल कुल्लू में स्कूल व कॉलेज के छात्र-छात्राओं की विशाल प्रभात फेरियों का भी आयोजन किया जाएगा। प्रभात फेरी के उपरांत सभी छात्र-छात्राएं व अन्य लोग दशहरा मैदान में एकत्र होंगे जहां समारोह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वेच्छा से महिला व युवक मण्डल व अन्य संस्थाएं 13 अगस्त को जिला के प्रमुख स्थलों पर छोटी-छोटी तिरंगा यात्राएं निकालें और यात्रा के बाद तिरंगा अपने पास सुरक्षित रखें।
