मंडी :धर्मवीर- गोहर की नाबालिग युवती आत्महत्या मामले में कोताही बरतने पर पुलिस अधिकारियों पर गाज गिर गई है। नाबालिग युवती आत्महत्या मामले में थाना प्रभारी गोहर और मामले की तहकीकात कर रहे जांच अधिकारी का तबादला मंडी पुलिस लाइन कर दिया गया है।
गोहर थाना से पुलिस लाईन मंडी बदले गए दोनों अधिकारी
शुक्रवार को एसपी मंडी ने दोनों के तबादला आदेश जारी कर दिए हैं। आत्महत्या मामले की जांच में कोताही बरतने पर दोनों पुलिस अधिकारियों पर यह गाज गिरी है। एसएचओ निर्मल सिंह की जगह सब इंस्पेक्टर लाल सिंह ने गोहर पुलिस थाना का कार्यभार संभाल लिया है। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों की शिकायत पर एसपी मंडी सौम्या साम्बशिवन ने गोहर पहुंचकर वीरवार को घटना की जांच की थी और परिजनों से उसके घर जाकर मुलाकात की थी। जिसके बाद घटना के सम्बंध में एफआईआर में की गई देरी को लेकर एसपी ने एसएचओ निर्मल सिंह और जांच अधिकारी विनोद कुमार को पद से हटा दिया है।
मृतका के पिता पूर्ण चंद और चाचा परम् देव ने आरोप लगाया था कि पुलिस उनकी बेटी को मौत के लिए उकसाने वाले युवक को गिरफ्तार नही कर रही है। इनका आरोप था कि पुलिस में शिकायत दर्ज करने के बावजूद भी एफआईआर दर्ज करने में देरी की। जिसको लेकर एसपी ने संज्ञान लेते हुए आत्महत्या मामले में बड़ी कारवाई की है। एसपी मंडी सौम्या सांबशिवन ने एसएचओ गोहर निर्मल सिंह और जांच अधिकारी विनोद कुमार का तबादला होने की पुष्टि की है।
