मंजूर पठान, चंबा: प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार को बने चार माह का समय पूरा हो चुका हैं। सरकार के इस चार माह के कार्यकाल को कांग्रेस पार्टी की पूर्व शिक्षा मंत्री और वरिष्ठ नेत्री आशा कुमारी ने बेमिसाल बताया हैं। सोमवार को अपने निवास स्थान जनद्रीघाट में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए आशा कुमारी ने कहा की कांग्रेस जो वायदे करती है उसे पूरा भी करती हैं, यही कांग्रेस पार्टी की खासियत हैं।
उन्होंने सरकार के ओल्ड पेंशन स्कीम की एसओपी और न्यू कर्मचारी महासंघ के पैसे केंद्र को नहीं देने के फ़ैसले का भी स्वागत किया और कर्मचारियों के हित में इसे मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा की हमने दस गारंटीयां दी हैं, जिन्हे कांग्रेस पार्टी सिलसिलेवार तरीके से पूरा करने में जुटी हैं। बेरोजगारी कम करने के लिए युवाओं को रोजगार के लिए सरकार बीस हजार नौकरियां देने जा रही हैं जो अपने आप में बड़ी बात हैं। पिछली सरकारों ने युवाओं के साथ छल किया था लेकिन कांग्रेस युवाओं के साथ खड़ी है और अलग अलग विभागों में जल्द भर्तियां शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इन सभी के साथ ही कांग्रेस की ओर से बागवानों के लिए भी उचित कदम उठाए जा रहे हैं। बागवान अपने तरीके से अपने सेब की कीमत तय कर पाएंगे और किलो के हिसाब से सेब बिकेगा। आशा कुमारी ने कहा की बागवानों से बेहतर सेब की कीमत कौन जानता हैं यही वजह है कि कांग्रेस की ओर से बागवानों को ही अपने सेब की कीमत तय करने का अधिकार दिया गया हैं।
