Dharamshala, Rahul -:राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में धर्मशाला के समीप घरोह में खंड स्तरीय विजयदशमी उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने घोष (बैंड) के साथ अनुशासित पथ संचलन किया, जिसका क्षेत्रवासियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया और संगठन के प्रति अपना समर्थन जताया।
कार्यक्रम में कैप्टन ईश्वर सिंह थापा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि डॉ. रंजीत कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार रखे। इस दौरान कांगड़ा जिला संघ चालक प्रदीप कुमार, विभाग कार्यवाह सुशील कुमार, और क्षेत्र के सैकड़ों स्वयंसेवक मौजूद रहे।
समाज को नई दिशा देने वाला संगठन : कैप्टन थापा
मुख्य अतिथि कैप्टन ईश्वर सिंह थापा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज निर्माण और राष्ट्र चेतना के कार्य में निरंतर सक्रिय है। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य समाज को संगठित कर राष्ट्र की सेवा करना है।
मुख्य वक्ता डॉ. रंजीत कुमार ने अपने संबोधन में संघ की स्थापना, संगठन की एकता, और विजयदशमी पर्व के आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आगामी शताब्दी वर्ष के पंच परिवर्तन और उससे जुड़ी योजनाओं का भी परिचय कराया।उन्होंने संघ के संस्थापक डॉ. के. बी. हेडगेवार को याद करते हुए कहा कि वे स्वतंत्रता संग्राम के सक्रिय सेनानी थे और उनका जीवन राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देता है। डॉ. रंजीत ने कहा कि संघ की शताब्दी वर्ष यात्रा समाजिक जागरण और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनेगी।
