कुल्लू/मनमिंद्र अरोड़ा– जिला कुल्लू के बंजार विधानसभा सभा क्षेत्र के 3 पंचायतों के ग्रामीण , स्कूलों में खाली पड़े शिक्षकों के पद को भरने की मांग को लेकर ढालपुर पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग रखी कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए यहां पर जल्द से जल्द शिक्षकों की भी तैनाती की जाए।
शेंशर, गाड़ापारली और देहुरिधार में बिना शिक्षकों के चल रहे स्कूल
बंजार विधानसभा के सैंज घाटी की ग्राम पंचायत शेंशर, गाड़ा पारली और देहूरीधार पंचायतों के ग्रामीण अपनी मांग को लेकर एडीएम कुल्लू प्रशांत सरकैक से मिले। शेंशर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजकुमार व गाड़ापारली से आए ग्रामीण निरत राम का कहना है कि 3 पंचायतों के स्कूलों में बीते कई सालों से शिक्षकों के पद खाली चल रहे हैं। ऐसे में शिक्षकों के न होने से छात्रों की पढ़ाई भी काफी प्रभावित हो रही है। हालांकि पहले भी वे शिक्षकों की कमी को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मिल चुके हैं। लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकला और आज भी छात्र बिना शिक्षकों के ही पढ़ाई करने के लिए मजबूर है। वही, ग्रामीणों ने एडीएम कुल्लू से मांग रखी कि यहां पर जल्द से जल्द खाली चल रहे शिक्षकों के पदों को भरा जाए। वहीं उन्होंने निगम प्रबंधन से भी मांग रखी कि यहां पर जो निगम की बस का समय है उसे बदला जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जो समय निगम की बस का है वह काफी गलत है। क्योंकि उस समय उस बस सेवा का लाभ स्कूल व कॉलेज जाने वाले छात्रों को नहीं मिल पाता है। ऐसे में निगम की बस का समय सुबह 8:30 बजे किया जाए। ताकि सैंज जाने वाले सरकारी कर्मचारियों व स्कूल कॉलेज जाने वाले छात्रों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
TAGGED:
Kullu school problem
Chandrika
