अरविंदर सिंह, हमीरपुर: बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिलासपुर में एम्स अस्पताल का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने यहां एक विशाल रैली को भी संबोधित किया। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिलासपुर दौरे को ऐतिहासिक करार दिया जा रहा है कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश को जो मान दिया है उससे प्रदेश का मान और भी बढ़ गया है। यह बात जिला भाजपा उपाध्यक्ष उषा बिरला ने कही।
उन्होंने कहा कि जहां एम्स अस्पताल में बहुराष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को मिलेंगी, वहीं हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बांदला में भी विद्यार्थियों को सुविधा मिलने जा रही है। उन्होंने कहा कि कुल्लू के अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में प्रधानमंत्री का आगमन हिमाचल के प्रति उनका प्रेम दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस भव्य रैली में प्रदेश भर के अन्य जिलों की भांति हमीरपुर जिला से भी भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। इसमें युवा शक्ति के साथ महिला वर्ग ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लाइव देखने के लिए लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर कार्यकर्ताओं की ओर से मोदी की जय जयकार से सारा माहौल मोदीमय रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में देश को एक सशक्त नेतृत्व मिला है जिससे भारत विश्व पटल पर अपनी एक अनूठी छाप छोड़ता जा रहा है। उन्होंने हिमाचल को विभिन्न सौगातें देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
