बिलासपुर (सुभाष ठाकुर): बिलासपुर नगर के ऐतिहासिक लुहनु इंडोर स्टेडियम में यूथ के लिए विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बिलासपुर के यूथ को मोटिवेशन देने के लिए देश के सुप्रसिद्ध मोटिवेटर सोनू शर्मा बिलासपुर पहुंचे। बिलासपुर पहुंचने पर समाजसेवी हरीश नड्डा व उनकी माता चेतना संस्था के संस्थापक मलिक्का नड्डा द्वारा हिमाचली शॉल टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बिलासपुर के यूथ को संबोधित करते हुए सोनू शर्मा ने भविष्य में आगे बढ़ने के टिप्स दिए।
उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में आगे बढ़ना है तो टीवी व मोबाइल से जितनी दूरियां बना सकते हो बना लो। टीवी में बिलकुल भी यूथ के काम की कोई भी आवश्यक चीज नहीं मिलेगी। इस अवसर पर सोनू शर्मा ने विविध विषयों पर बात की, दर्शकों को उनके प्रयासों में फलने-फूलने के लिए सुझाव और सूत्र देकर पूरक किया। सत्र का उद्देश्य समाज के युवा वर्ग को प्रेरित करना था ताकि वे न केवल अपने लिए बल्कि राष्ट्र के लिए एक बेहतर भविष्य का निर्माण करें।
सफलता के उनके मंत्र दर्शकों के लिए वास्तव में व्यावहारिक थे। उन्होंने कहा, “सही जगह पर, सही समय पर और सही लोगों के साथ होने को मैं भाग्य के रूप में परिभाषित करता हूं। इस अवसर पर भारी प्रशंसा और तालियों से दर्शकों की दिलचस्पी और भागीदारी देखी गई। जानकारी के अनुसार सोनू शर्मा का बिलासपुर के बाद कल मंडी में कार्यक्रम आयोजित होगा। वही, खास बात यह है कि हिमाचल में यह कार्यक्रम पूरी तरह से निशुल्क किया गया। जबकि देश विदेश में सोनू शर्मा को सुनने के लिए प्रवेश शुल्क अदा करना पड़ता है।
