हमीरपुर (अरविंदर सिंह): नशे के खात्मे को लेकर समाज में हर वर्ग को जागना होगा, जागृति लानी होगी, खुद भी बचना होगा और उनको भी बचाना होगा। तभी इस नशे से मुक्ति मिलेगी अपने परिवार आने वाला कल और भविष्य अगर सुरक्षित चाहते हो तो यह प्रण करें कि ना तो नशा करेंगे और ना किसी को करने देंगे। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सराहकड में आयोजित नशा जागरूकता अभियान के कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रुप में शिरकत करते हुए कही। इससे पहले यहां कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री का पंचायत प्रतिनिधियों स्थानीय लोगों शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

इस मौके पर जिला पुलिस से एडिशनल एसपी अशोक वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे नशा हटाओ प्रदेश बचाओ नशा हटाओ जीवन खुशहाल बनाओ संबंधित शीर्षक पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निजी स्कूलों के बच्चों ने नाट्य रूपांतरण करके नशे से होने वाले दुष्प्रभाव को लेकर दर्शक दीर्घा में बैठे लोगों के साथ-साथ समाज को एक सुंदर संदेश दिया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश हुए जिसे मुख्य अतिथि सहित गणमान्य लोगों ने जनता ने खूब पसंद किया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में चुनावों का दौर है। ऐसे में कुछ नेता अपनी जीत को सुनिश्चित करने के लिए नशे का खुलकर प्रयोग करेंगे। ऐसे लोगों से बचना है उन्होंने परिवारिक सदस्यों से आग्रह किया कि अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखें, जब वह घर से कहीं बाहर जाएं उन पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र नशे की गिरफ्त में ना आए पहले जो होना था हो चुका है, लेकिन भविष्य में नशे के चक्कर में अपना जीवन खराब और अंधकार मय नहीं करना है। कोई नेता अगर चुनावी बेला पर नशा देने की बात करें या आप के निकटवर्ती कहीं नशा बांटा जाए उसकी सूचना थाना में दें।
