संजीव महाजन,नूरपुर: विकास खंड नूरपुर की पंचायत कमनाला के महादेव क्लब मठोली के सौजन्य से नशा छोड़ो क्रिकेट खेलो मेगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और खेलों के प्रति उनका रुझान बढ़ाना हैं। इस प्रतियोगिता में जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष विक्रम पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। टूर्नामेंट में क्षेत्र की 32 टीमों ने भाग लिया। इस टूर्नामेंट में नगरोटा सुरिया और चुबाड़ी के बीच फ़ाइनल मुकाबला कांटे की टक्कर में हुआ और नगरोटा सुरिया की टीम ने रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल की।
मुख्यातिथि विक्रम पठानिया ने इतनी बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन करने के लिए क्लब के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि क्लब समय समय पर ऐसे कई आयोजन कर रहा हैं, जिससे क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जुड़ने की प्रेरणा मिल रही है। उन्होंने युवा वर्ग से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर गुणात्मक शिक्षा के साथ-साथ खेलों में बढ़-चढ़ कर भाग लें।
युवा अपने स्वास्थ्य को लेकर सजग रहें क्योंकि स्वस्थ तन और मन से ही युवा अपनी मंजिल हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के लिए उनका युवा वर्ग को भविष्य में भी हर संभव सहयोग जारी रहेगा ।
