राकेश, ऊना: जिला ऊना के गगरेट विधानसभा क्षेत्र के रविवार को बीजेपी का महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में बीजेपी के विधायक राजेश ठाकुर के समर्थन में भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही। इस सम्मेलन के माध्यम से ल विधायक राजेश ठाकुर ने शक्ति प्रदर्शन कर अपना दमखम दिखाया । सम्मेलन के दौरान पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं में विधायक को लेकर समर्थन दिखाई दिया,हालांकि विधायक कार्यक्रम में तय समय से देरी से पहुंचे, इसके बावजूद महिला कार्यकर्ता टस से मस नहीं हुई ।
सम्मेलन में विधायक के पहुंचने पर महिला कार्यकर्ताओं ने उनका एक मंत्री की मानिंद ही फूलों और ढोल के साथ स्वागत किया। स्वागत के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर न केवल स्वयं नृत्य किया , बल्कि अपने विधायक को भी आग्रह कर थिरकने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान विधायक ने काफी देर तक महिला कार्यकर्ताओं के साथ में ढोल की थाप पर नृत्य का आनंद लिया और पार्टी की कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया।
राजेश ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए देश की आधी आबादी यानी महिलाओं की ओर से पीएम मोदी के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी के लिए विशेष स्थान होने का दावा किया । उन्होंने अपनी बात के पक्ष में पीएम मोदी की रैली के दौरान करवा चौथ का व्रत होने के बावजूद अच्छी खासी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति का तर्क दिया । विधायक राजेश ठाकुर ने महिलाओं के जननी होने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी उनकी अहम भूमिका होने की भी बात कही । उन्होंने महिलाओं के साथ के बिना किसी भी कार्य के अधूरे होने का दावा किया । राजेश ठाकुर ने विपक्ष के आरोपों पर कटाक्ष करते हुए पीएम मोदी की ओर से हिमाचल को दूसरा घर माने जाने का दावा किया और इसी आधार पर प्रधानमंत्री की ओर से हिमाचल को अनेकों विकास सौगातें दिए जाने की बात कही ।
महिला सम्मेलन कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ अन्य महिलाओं की भी अच्छी खासी संख्या जुटाकर विधायक राजेश ठाकुर ने ना सिर्फ अपना दमखम दिखाया , बल्कि गगरेट से बीजेपी की टिकट पर एक बार फिर से अपना दावा सिद्ध करने का प्रयास किया ।
