बीबीएन:जगत सिंह- औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में सरकार की ओर से करो में उद्योगपतियों को 10 साल टैक्स फ्री का समय जैसे जैसे खत्म होता जा रहा है, वैसे वैसे उद्योगपति या तो घाटा दिखाकर भागने की कोशिश कर रहे हैं या फिर काम ना होने का हवाला देकर फैक्ट्री को रातों-रात ताला लगाकर रफूचक्कर हो रहें है।
लेबर इंस्पेक्टर दफ्तर के बाहर किया धरना प्रदर्शन
ठेडा में एक ए.सी बनाने वाली फैक्ट्री ने भी काम न होने का हवाला देते हुए पहले रातों-रात फैक्ट्री को ताला लगा दिया था और कंपनी में काम करने वाले 100 के करीब मजदूर बेरोजगार हो गए थे। अब पिछले 15 दिनों से यह पीड़ित मजदूर कंपनी के गेट पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी कहीं पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसके चलते उन्होंने लेबर इंस्पेक्टर नालागढ़ के दफ्तर के बाहर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मजदूरों ने जमकर नारेबाजी की ।
मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन को चेतावनी देकर कहा है कि जल्द उन्हें काम पर वापस लिया जाए या फिर सभी मजदूरों का फुल एंड फाइनल हिसाब किया जाए ताकि मजदूर आगे किसी और कंपनी में काम कर सकें और अपने परिवार का पालन पोषण कर सकें। मजदूरों ने कहा है कि अगर उनकी मांगे पूरी नहीं की गई तो वह उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे जिसकी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन व लेबर विभाग की होगी।
ठेकेदार बोला, कंपनी घाटे में चल रही है
इस बारे में जब कंपनी के ठेकेदार अशोक ठाकुर से बात की तो उन्होंने भी कहा कि ए. सी कंपनी में पिछले 6 महीने से काम नहीं है और कंपनी घाटे में चल रही है। जिसके चलते सभी मजदूरों को ट्रांसफर किया जा रहा था , लेकिन कोई भी मजदूर ट्रांसफर पर जाने को तैयार नहीं है और वह यहां पर आकर शोर मचा रहे हैं।
