मंजूर पठान, चंबा: प्रदेश के लोगों के हितों में काम करना अगर बदले की भावना है तो यह काम कांग्रेस कर रही है और आगे भी जरूर करेगी। यह बात हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेत्री आशा कुमारी ने पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के उस बयान पर पलटवार करते हुए कही जिस में जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर प्रदेश में बदले की भावना से काम करने के आरोप लगाए हैं।
बुधवार को आशा कुमारी ने अपने निवास स्थान जन्द्रीघाट में पत्रकारवार्ता के दौरान अपनी सरकार की ओर से पहली गारंटी ओल्ड पेंशन स्कीम बहाली को पूरा करने को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा की कांग्रेस पार्टी जो वायदा करती है उसे पूरा भी करती हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा की कांग्रेस पार्टी अपनी सभी दस गारंटी को पूरा करेगी। उन्होंने कहा की ओल्ड पेंशन स्कीम के बाद महिलाओं को पंद्रह सौ रुपए देने के लिए कमेटी कार्य कर रही हैं। जल्द कमेटी अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। उन्होंने बताया कि युवाओं को रोजगार कैसे देना है इसपर भी सरकार मंथन कर रही हैं।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा की पूर्व मुख्यमंत्री कह रहे है की कांग्रेस सरकार बदले की भावना से काम कर रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री को बता दें की अगर ओल्ड पेंशन देना बदले की भावना है तो कांग्रेस इसे करेगी। अगर महिलाओं को पंद्रह सौ रुपए देना बदले की राजनीति है तो कांग्रेस करेगी। कांग्रेस की सरकार प्रदेश की जनता के लिए बनी है और इसमें बदले की भावना जैसी कोई चीज नहीं हैं।उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि जयराम ठाकुर हमें बताए की बदले की भावना क्या होती हैं और बदले की भावना से काम करना कैसे होता हैं।
