मंडी/परी शर्मा: भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में मंडी के सरकाघाट पहुंचे उतरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आप सब सौभाग्यशाली है कि इस देवभूमि में जन्म लेने और देव कार्यो के साथ राष्ट्र कार्य करने के लिए जुड़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास व समृद्धि की ऊंचाई को छू रहा है जिससे हर भारतवासी गौरान्वित है।

योगी ने कहा कि गुलामी के अंश को खत्म करना, जातिवाद, भाषा को खत्म करते हुए एकता का भाव पैदा करना यही प्रधानमंत्री का संकल्प है। आज जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल की सरकार मजबूती के साथ पहाड़ों जैसी दृढ़ता के साथ आगे बढ़ रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभर कर सामने आया है। वैश्विक संकट की घड़ी में दुनिया आज मोदी की तरफ देखती है। वैश्विक मंच पर भारत की पंरपरा को मिल रही मान्यता आज उदाहरण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब वहां के किसी राष्ट्रीय अध्यक्ष को हिमाचल की टोपी को भेंट करते है तो हिमाचल के लोग गर्व महसूस करते है। वैश्विक मंच पर प्रधानमंत्री जब कोई बात कहते है तो पूरी दुनिया उनकी बात को बड़ी गौर से सुनती है।
