संजु चौधरी,शिमला: प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर इस बार भाजपा की ओर से शिमला शहरी सीट से चाय वाले संजय सूद को चुनावी मैदान में उतारा गया है। वहीं संजय सूद भी अपनी जीत को पक्का करने के लिए चुनावी मैदान में डट चुके हैं। उन्होंने अपना प्रचार प्रसार भी शिमला शहर में तेज कर दिया है और उन लोगों से अपने लिए समर्थन जुटा रहे हैं।
बुधवार को संजय सूद ने अपने गृह वार्ड रामनगर उपनगर में जनता के बीच जाकर प्रचार किया। इस दौरान जनता का भी संजय सूद को भरपूर समर्थन मिला और चाय वाले के नाम पर संजय सूद की चर्चा होती रही। दरअसल, हिमाचल भाजपा की ओर से संजय सूद को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद से ही उनकी तुलना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की जा रही है, हालांकि संजय सूद की संपत्ति करोड़ों में है, लेकिन उन्होंने अपने जीवन की शुरुआत अखबार बेचने से की थी।
शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र से जीत के लिए आश्वस्त भाजपा प्रत्याशी संजय सूद का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा आलाकमान ने उनपर विश्वास जताया है। वे अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तुलना को लेकर संजय सूद का कहना है कि उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कोई तुलना नहीं है। वे पार्टी के सामान्य कार्यकर्ता हैं, जो पार्टी को मजबूती देने के लिए काम कर रहे हैं। संजय सूद ने कहा कि वे शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करने का काम करेंगे।
