राकेश,ऊना: 12 नवंबर को होने वाले लोकतंत्र के महापर्व में सभी युवा अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें इसे लेकर ऊना जिला में युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए स्वीप के तहत वाॅकथाॅन का आयोजन किया गया। वाॅकथाॅन एमसी पार्क से होते हुए उपायुक्त आवास-बस्सी गली-मेन बाजार से तहसील बाजार के उपरांत मेन बाजार में आकर समाप्त हुई।
इस वाॅकथाॅन में लगभग 150 युवा मतदाताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राघव शर्मा ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि जिला ऊना के सभी मतदाता शत-प्रतिशत अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वीप के तहत जिला में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला के सभी मतदाताओं को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक करने के लिए वाॅकथाॅन का आयोजन किया गया ताकि जिला की मतदान प्रतिशत्ता को 80 प्रतिशत से अधिक बढ़ाया जा सके।
राघव शर्मा ने बताया कि जिला में एक लाख से अधिक मतदाता युवा श्रेणी में आते हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी का दायित्व है कि वे स्वस्थ रहें और स्वस्थ्य व मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान करें। राघव शर्मा ने आमजन से आवाह्न किया कि 12 नवंबर को सभी मतदान करें और आस पड़ोस में रहने वाले लोगों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करें।
