बिलासपुर : सुभाष ठाकुर -पुलिस थाना घुमारवीं के अंतर्गत आने वाले गांव हरलोग के पास देर रात को एक पिता व पुत्र की कार गहरी खाई में गिर जाने से पुत्र की मौत हो गई, जबकि पिता गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति की गम्भीर हालात को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार हरलोग पंचायत के निवासी सुरजीत सिंह विदेश में रहकर काम करते हैं और विदेश से कुछ दिन पहले ही अपने गांव आए थे। सोमवार को मेहरन में लगने वाले दंगल को देखने के लिए सुरजीत अपने बेटे के साथ गए थे। दंगल देखने के बाद घर वापस लौट रहे थे कि अचानक रास्ते में कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई ।जिससे कार में सवार सुरजीत के 14 वर्षीय बेटे शिवांश की मौत हो गई । वही कार खाई में गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने दोनों घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। जबकि बच्चे के पिता की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सको ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। वहीं डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और घटना की जांच की जा रही है ।
