Dharamshala, Rahul-:केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश अपने 16वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 20 जनवरी से 31 जनवरी तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। इन आयोजनों में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, शोधार्थी, शिक्षक और कर्मचारी भाग लेंगे।विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि 20 से 22 जनवरी तक तीन दिवसीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। 20 जनवरी को उद्घाटन समारोह में आईआईटी मंडी और आईआईटी रोपड़ के निदेशक विशेष रूप से शिरकत करेंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के न्यूज़लेटर और विभिन्न फैकल्टी सदस्यों द्वारा प्रकाशित पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा।
प्रो. बंसल ने बताया कि विश्वविद्यालय के पांच फैकल्टी सदस्यों को विश्व रैंकिंग के शीर्ष दो प्रतिशत में शामिल होने पर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के पांच पूर्व छात्रों को भी विशेष सम्मान दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों और शोधार्थियों, साथ ही बेहतर योगदान देने वाले शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
21 जनवरी भारतीय ज्ञान परंपरा को समर्पित
कुलपति ने बताया कि 21 जनवरी का दिन भारतीय ज्ञान परंपरा को समर्पित रहेगा। इस दिन विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिए जाएंगे। विश्वविद्यालय पुस्तकालय में इंडियन नॉलेज सिस्टम (IKS) केंद्र की स्थापना की जाएगी तथा इंडियन नॉलेज सिस्टम पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी होगा।
22 जनवरी को जयराम ठाकुर होंगे मुख्य अतिथि
22 जनवरी को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर एनआईटीईआर चंडीगढ़ के निदेशक भी उपस्थित रहेंगे और उनके साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। दीनदयाल उपाध्याय स्टडी सेंटर के न्यूज़लेटर का विमोचन भी इसी दिन किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर धर्मशाला कॉलेज के ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक संध्या और म्यूज़िक इवेंट का आयोजन किया जाएगा।
