Nurpur,Sanjeev-:पुलिस जिला नूरपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नूरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नूरपुर शहर के वार्ड नंबर-2 में एचडीएफसी बैंक के समीप गश्त के दौरान पुलिस ने औचक निरीक्षण करते हुए दो व्यक्तियों के कब्जे से कुल 315 प्रतिबंधित प्रेग्लाविन कैप्सूल बरामद किए। यह कार्रवाई नूरपुर पुलिस द्वारा ड्रग इंस्पेक्टर के साथ संयुक्त रूप से अंजाम दी गई।
पुलिस अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुनीश कुमार पुत्र स्वर्गीय सोमराज, निवासी वार्ड नंबर-2 नूरपुर, तथा जोगिंदर सिंह पुत्र धर्मू राम, निवासी गांव लंगूटा, तहसील भरमौर, जिला चंबा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के दौरान दोनों के पास से बरामद कैप्सूल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका।जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद दवाइयों का भंडारण और संभावित विक्रय ड्रग्स एवं कॉस्मेटिक्स अधिनियम के निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप नहीं था। मामले की गंभीरता को देखते हुए ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा गहन जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन दवाइयों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इन्हें किन उद्देश्यों के लिए रखा गया था। नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जिला पुलिस नूरपुर ने स्पष्ट किया है कि नशे और अवैध दवा कारोबार के खिलाफ अभियान भविष्य में भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। वहीं जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने आम जनता से अपील की है कि बिना लाइसेंस दवाइयों की खरीद-फरोख्त से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें, ताकि समाज को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।
Chandrika
