हमीरपुर,अरविंद -:हमीरपुर जिला में पंचायती राज चुनावों को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। विभिन्न वार्डों में प्रत्याशी लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से समर्थन जुटाने में लगे हैं। इसी क्रम में जंगल रोपा वार्ड से जिला परिषद के निर्दलीय प्रत्याशी अनिल कुमार भी अपने समर्थकों के साथ गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। उनके प्रचार अभियान में स्थानीय लोगों की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है।
अनिल कुमार लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं, लेकिन पार्टी की ओर से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि वह किसी राजनीतिक दल के विरोधी उम्मीदवार के रूप में नहीं, बल्कि जनता की आवाज बनकर मैदान में उतरे हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता उन्हें सकारात्मक समर्थन दे रही है और लोग बदलाव की उम्मीद के साथ उनके साथ जुड़ रहे हैं।अनिल कुमार ने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो उनकी प्राथमिकता युवाओं और महिलाओं के लिए काम करने की होगी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को करियर संबंधी सही मार्गदर्शन नहीं मिल पाता, जिसके कारण कई प्रतिभाएं पीछे रह जाती हैं।ऐसे में पंचायत स्तर पर करियर काउंसलिंग की व्यवस्था शुरू करने का प्रयास किया जाएगा ताकि युवाओं को रोजगार और शिक्षा से जुड़ी बेहतर जानकारी मिल सके।इसके अलावा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनाव किसी पार्टी के नहीं बल्कि जनता के विकास के चुनाव होते हैं और मतदाताओं को ऐसे उम्मीदवार का चयन करना चाहिए जो क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए ईमानदारी से काम करे।
Chandrika
