ऊना, राकेश -:टक्का जिला परिषद वार्ड में चुनावी सरगर्मियां लगातार बढ़ती जा रही हैं और अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा समर्थित प्रत्याशी जसवीर बिट्टा द्वारा कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सुमित शर्मा से चुनावी संकल्पों को पूरा करने के लिए धन व्यवस्था पर सवाल उठाने के बाद अब सुमित शर्मा ने भी जोरदार पलटवार किया है।
कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सुमित शर्मा ने कहा कि उनके चुनावी वादे केवल घोषणाएं नहीं बल्कि योजनाबद्ध संकल्प हैं, जिन्हें जिला परिषद फंड और सामाजिक-राजनीतिक सहयोग के माध्यम से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के विकास के लिए उनके पास स्पष्ट रोडमैप और कार्ययोजना मौजूद है।सुमित शर्मा ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी जसवीर बिट्टा को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे भी जनता के सामने अपना विकास एजेंडा और चुनावी संकल्प स्पष्ट करें। उन्होंने आरोप लगाया कि जसवीर बिट्टा पूरी तरह पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो के सहारे राजनीति कर रहे हैं और उनकी स्वयं की कोई अलग पहचान या राजनीतिक दृष्टि दिखाई नहीं देती।उन्होंने कहा कि चुनाव केवल बयानबाजी से नहीं बल्कि योजनाओं और जनहित के मुद्दों से लड़ा जाना चाहिए। शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी को पहले जिला परिषद एक्ट पढ़ना चाहिए ताकि उन्हें परिषद की शक्तियों और विकास कार्यों की जानकारी हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि यदि एक्ट उपलब्ध नहीं है तो वह स्वयं इसकी प्रति उपलब्ध करवाने को तैयार हैं।इस दौरान सुमित शर्मा ने दावा किया कि जनता विकास और जवाबदेही की राजनीति चाहती है और टक्का वार्ड में इस बार मुद्दों के आधार पर चुनाव लड़ा जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि क्षेत्र की जनता उनके विकास मॉडल और योजनाओं का समर्थन करेगी।
TAGGED:
Una Takka Zilla Parishad ward
Chandrika
