Shimla, 20 November-:रोहडू में नशे के खिलाफ जनजागरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से 22 नवंबर को भव्य चिट्टा-विरोधी वॉकथॉन आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी उपमंडलाधिकारी रोहडू धर्मेश रामौत्रा ने स्कूल प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिट्टे के खिलाफ आरंभ हुआ जन आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर है, और रोहडू में होने वाला यह कार्यक्रम समाज को एकजुट करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि यह वॉकथॉन केवल प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामूहिक चेतना को जागृत करने का मजबूत माध्यम होगा। उन्होंने सभी विभागों को अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, विशेषकर विद्यार्थियों, अभिभावकों, जन प्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं की।वॉकथॉन रामलीला मैदान रोहडू से सुबह लगभग 11 बजे शुरू होगी और पुराना बस अड्डा होते हुए इंदिरा गांधी आउटडोर स्टेडियम में सम्पन्न होगी। स्टेडियम में प्रतिभागियों को चिट्टे के विरुद्ध शपथ दिलाई जाएगी तथा नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
एसडीएम रामौत्रा ने कहा कि चिट्टे जैसे घातक नशीले पदार्थ के विरुद्ध तभी सफलता मिलेगी जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति सक्रिय रूप से योगदान दे। उन्होंने बताया कि वॉकथॉन में सभी स्कूलों में पढ़ने वाले 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थी, साथ ही स्थानीय महाविद्यालयों के छात्र भी शामिल होंगे। एनसीसी तथा एनएसएस इकाइयाँ पुलिस विभाग के साथ मिलकर अनुशासन और व्यवस्था संभालेंगी।कार्यक्रम के दौरान नशा-विरोधी संदेशों पर आधारित सांस्कृतिक और मनोरंजक प्रस्तुतियाँ भी आयोजित होंगी। युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए रोहडू के स्थानीय म्यूजिक बैंड भी अपनी प्रस्तुति देंगे।उपमंडल प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में वॉकथॉन में भाग लेकर ‘नशा हारेगा–रोहडू जीतेगा’ अभियान को मजबूत बनाएं और नशा मुक्त हिमाचल के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।बैठक में डीएसपी रोहडू प्रणव चौहान, तहसीलदार धीरज शर्मा, स्कूल प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
