ऊना। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर ऊना में आयोजित “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रतिभागियों को झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत करवाई। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस और राजद (RJD) पर जमकर निशाना साधा।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि बिहार के लोग राजद-कांग्रेस के जंगलराज की बजाय मोदी-नीतीश के मंगलराज को चुनें। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर हमला करते हुए कहा कि “जो सरकार अपने राज्य में महिलाओं को ₹1500 देने का वादा पूरा नहीं कर सकी, वह अब बिहार में झूठे वादों से जनता को गुमराह कर रही है।” ठाकुर ने कांग्रेस को “झूठ का जीता-जागता उदाहरण” बताया।
राहुल गांधी के छठ पूजा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए ठाकुर ने कहा, “जो व्यक्ति ज्यादातर समय विदेश में रहता है, वह भारतीय संस्कृति और परंपराओं को कैसे समझ सकता है?” उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी न केवल असंवेदनशील है बल्कि भारतीय परंपराओं का भी अपमान है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल को भारत की एकता का शिल्पकार बताते हुए कहा कि “स्वतंत्रता के बाद पटेल की सूझबूझ से ही हैदराबाद, जूनागढ़ और जम्मू-कश्मीर का भारत में विलय संभव हुआ।” ठाकुर ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि “इतने बड़े योगदान के बावजूद सरदार पटेल को 41 साल बाद मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया, जो कांग्रेस की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है।” उन्होंने कहा कि “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र भावना को सशक्त करने का प्रतीक है।
