बिलासपुर, सुभाष-:हिमाचल प्रदेश सहकारी संघ (हिमकोफेड) में निदेशक नियुक्त किए जाने पर युवा कांग्रेस नेता आशीष ठाकुर का शुक्रवार को बिलासपुर में जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर शहर में आभार रैली निकाली गई, जिसमें समर्थकों और स्थानीय लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
रैली की शुरुआत गुरुद्वारा मार्केट से हुई और यह श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर तक पहुंची। पूरे मार्ग में समर्थकों ने फूल-मालाओं से आशीष ठाकुर का स्वागत किया और उनके समर्थन में नारे लगाए। ढोल-नगाड़ों की गूंज और उत्साही माहौल के बीच रैली ने शहर का ध्यान आकर्षित किया।
इस मौके पर आशीष ठाकुर ने जनता और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि सहकारी क्षेत्र को मजबूत करना और क्षेत्रीय विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता रहेगी।उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 237 सहकारी समितियां सक्रिय हैं। वे इन सभी समितियों के पदाधिकारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझेंगे और समाधान की दिशा में काम करेंगे। जिन मुद्दों का समाधान जिला स्तर पर संभव नहीं होगा, उन्हें राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे आयोजन को समर्थन प्रदर्शन के रूप में देखा गया।
TAGGED:
Bilaspur Himcofed Director
Chandrika
