बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: गर्भवती महिलाएं या प्रसव हुई महिलाएं व उनके परिजन सावधान रहे। ठगों ने अब ऐसी औरतों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है जिनका प्रसव हो चुका या होने वाला है। ठगों ने स्वास्थ्य विभाग व आंगनबाड़ी से डाटा चुरा कर या उन्हें डरा-धमका कर ऐसी महिलाओं से प्रसव सहायता ऑनलाइन भेजने के नाम पर ठगी करना शुरू कर दिया है। ठग ऐसी महिलाओं को फोन कर उनसे गूगल पे नम्बर मांगकर एक लिंक भेजते है ,जिसपर क्लिक करने से बैंक खाते से सारा पैसा उड़ा लिया जाता है।

उपमंडल स्वारघाट के तहत ग्राम पंचायत मंझेड में भी ठगी का ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमे प्रसूति महिला पूजा देवी के पति पवन कुमार निवासी गांव थापना डाकघर कुटैहला तहसील श्री नैना देवी जी जिला बिलासपुर के साथ शातिरो ने ऐसे ही ठगी की घटना को अंजाम दिया। शातिरों ने गूगल पे से लिंकड बैंक खाते से 32 हजार 300 रुपए उड़ा लिए हैं। महिला के पति पवन कुमार ने इस मामले के सम्बन्ध में आंगनवाडी कार्यकर्ता और अज्ञात ठगों के खिलाफ पुलिस थाना स्वारघाट में शिकायत दर्ज करवाई है।
पवन कुमार ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने अपनी पंचायत की सभी महिलाओं जिनके बच्चा हुआ है या होना है उनका सारा रिकॉर्ड इन शातिरों को दे दिया है और ये शातिर अब इन महिलाओं को फोन कर ठगी को अंजाम दे रहे है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की लापरवाही के चलते उसके खाते से 32 हजार 300 रुपए की राशि ठगों ने उड़ा ली है।
