बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: बिलासपुर के सदर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस का टिकट मिलने के बाद पूर्व विधायक बंबर ठाकुर मां नैना देवी के दरबार पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आधे-अधूरे एम्स हॉस्पिटल के उद्घाटन, बेरोजगारी की बढ़ रही समस्या, चरम सीमा पर पहुंची महंगाई, भ्रष्टाचार और भाजपा नेताओं के झूठे वादे इन मुद्दों को लेकर वह इस बार चुनाव में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता उनके साथ है, माता रानी का आशीर्वाद उन्होंने प्राप्त किया है व निश्चित रूप से जीत उनकी होगी। बंबर ठाकुर ने कहा कि जनता की मांग पर और पार्टी के सर्वे के आधार पर उन्हें टिकट मिला है ।इसके लिए वह प्रदेश नेतृत्व का पार्टी संगठन का आलाकमान का धन्यवाद करते हैं।
पूर्व विधायक कांग्रेसी नेता बंबर ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जिस प्रकार आधे अधूरे एम्स हॉस्पिटल का उद्घाटन करवाया गया। हालात यह है कि आज आपात स्थिति में मरीजों को या तो आईजीएमसी शिमला या क्षेत्रीय हॉस्पिटल में रेफर किया जा रहा है तो इतनी जल्दबाजी क्या थी। ये संस्थान पूर्ण रूप से बन जाता, उसके बाद इसका उद्घाटन करते। उन्होंने कहा कि चुनावों के समय सिर्फ वोट बैंक के लिए भाजपा ने ऐसा किया, लेकिन प्रदेश की क्षेत्र की जनता यह सब जानती है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब जरूर देगी।
