नीरज डोगरा, शिमला: प्रदेश में अक्टूबर माह में भी लोगों को बारिश से राहत नहीं मिलेगी। 5 अक्टूबर के बाद एक बार फिर से लोगों को बारिश के लिए तैयार रहना होगा। भले ही हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों मौसम कुछ हद तक साफ बना हुआ है और लोगों को बारिश से भी राहत मिली है, लेकिन आगामी समय में फिर से मौसम करवट लेगा और बारिश प्रदेश में कई इलाकों में होगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला का कहना है कि प्रदेश में 5 अक्टूबर के बाद एक बार फिर बारिश की संभावना प्रदेश में है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पॉल का कहना है कि प्रदेश भर के कई इलाकों में 5 अक्टूबर के बाद मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है जिससे कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। सुरेंद्र पॉल ने कहा कि इस साल प्रदेश में मानसून बेहतर रहा है और मानसून में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। साथ ही किन्नौर और लाहौल स्पीति में 10 साल बाद अच्छी बारिश रिकॉर्ड हुई है।
