मंजूर पठान, चंबा: चंबा जिला के साहो में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप स्थित शिवा ट्रैवलर्स के मालिक नरेश महाजन की दुकानों में आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि इससे करोड़ों का नुकसान हुआ है। आगजनी की इस घटना का पता तब चला जब नरेश महाजन दुकानों के साथ स्थित मकान में सो रहे थे और उनके कमरे तक धुंआ पहुंच गया।
उन्होंने तुरंत परिवार को जगाया और सब मकान से बाहर आ गए। गनीमत यह रही कि किसी भी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। आग की इस भयानक चपेट में उनकी चार दुकानों सहित मकान भी जलकर राख हो गया। उसके बाद जैसे ही खबर फैली तो साहो के आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर इकट्ठे हो गए और बचाव कार्य में जुट गए। अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई तो उनकी तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग व स्थानीय लोगों के 5 घंटे के अथक प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया।
आग से उन दुकानों और मकान को तो नहीं बचा पाए लेकिन साथ में लगते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन और अन्य दुकानों तक आग को पहुंचने से रोक लिया गया। वहीं स्थिति का जायजा लेने कांग्रेस पहुंचे सदर प्रत्याशी नीरज नैयर व प्रशासनिक तौर पर एसडीएम चंबा, तहसीलदार चंबा, नायब तहसीलदार उप-तहसील साहो भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को फौरी राहत भी दी।
