भावना, शिमला: हिमाचल में चुनावो की घोषणा के बाद चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई है । आज जहां गिरिपार के हाटी समुदाय को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा देने के बाद सिरमौर में केंद्रीय मंत्री अमित शाह पहुंचे तो वहीं कांग्रेस ने इसको लेकर निशाना साधा ओर बीजेपी पर समुदाय को बांटने के आरोप लगाए।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अलका लांबा ने गिरिपार क्षेत्र की सामान्य जाति वर्ग को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा दिए जाने को लेकर भी भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दो समुदायों को आपस में बांटने का काम कर रही है। साथ ही जनता को केवल कैबिनेट की मंजूरी के बाद बरगलाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी इसे लेकर वास्तव में गंभीर होती, तो संसद का विशेष सत्र बुलाकर हाटी के मुद्दे को पारित कर दिखाती। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा की सच्चाई जानती हैं और कांग्रेस पार्टी को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इन चुनावों में चुनाव आयोग की ओर से जारी आदर्श आचार संहिता का पुरी तरह पालन करेगी। उन्होंने ने उम्मीद जाहिर की कि चुनाव आयोग बिना किसी दबाव के निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाएगा और इन चुनावों के दौरान सरकारी मशीनरी के दुरुप्रयोग को रोकने के लिए कड़े कदम उठाएगा।
अलका लांबा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी चुनावों के लिए पुरी तरह तैयार है और पार्टी का कार्यकर्ता एक-एक मतदान केंद्रो पर तैनात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने प्रत्याशियों की घोषणा करने के लिए पुरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश की जनता को लोकतंत्र के इस महान पर्व के अवसर पर बधाई व शुभकामनाएं देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपील करती है कि प्रदेश का एक-एक नागरिक इस पर्व पर बढ़चढ़ कर अपनी भगीदारी सुनिश्चित करेगा और अपनी आत्मा की आवाज से अपने उज्जवल भविष्य को लेकर महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार से निजात पाने के लिए मतदान में अपनी भूमिका निभाएगा।
अलका लांबा ने कहा कि जय राम सरकार अब चंद दिनों की मेहमान है और सरकार के अंतिम दिन भी जय राम ने अपनी पराजय देखकर कैबिनेट मीटिंग में ऐसे फैसले लिए जो पिछले पांच सालों में राज्य सरकार नहीं ले पाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता राज्य सरकार के उदासीन रवैये के खिलाफ इन मुद्दों को लेकर मतदान करेगी और भाजपा सरकार को सता से उखाड़ फैंकेगी।
