Mandi, Dharamveer-:भारत के चंद्रयान मिशन की सफलता और देश की आर्थिक उपलब्धियों को उदाहरण बनाते हुए हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने युवाओं को बड़े लक्ष्य तय करने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। वे वीरवार को सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी में आयोजित विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद एवं नशा मुक्त भारत अभियान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे, जहां वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
सम्मेलन की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने की। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि भारत ने वर्षों की मेहनत, संकल्प और निरंतर प्रयासों के बाद चांद पर पहुंचने का अपना सपना साकार किया है। अनेक असफलताओं के बावजूद वैज्ञानिकों ने हार नहीं मानी और अंततः देश ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में विश्व मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
राज्यपाल शुक्ल ने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों की एकजुटता और संकल्प से देश ने नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं। आर्थिक मोर्चे पर भी भारत तेज़ी से आगे बढ़ा है। उन्होंने बताया कि कुछ ही वर्षों में भारत जापान को पीछे छोड़ दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही देश जर्मनी को भी पीछे छोड़कर तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगा।युवाओं को प्रेरित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका निर्णायक रहेगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और सोते समय नहीं बल्कि जागती आँखों से सपने देखें—ऐसे सपने जो देश के विकास में योगदान दें और समाज को नई दिशा दिखाएँ। राज्यपाल ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य युवाओं की ऊर्जा और प्रयासों से ही संभव है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्रों ने नाटक, कविताओं और भाषणों के माध्यम से नशामुक्ति और विकसित भारत के विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। छात्रों ने समाज को जागरूक करते हुए संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, परिवार और राष्ट्र की प्रगति में भी बाधक है।इस अवसर पर सदर विधायक अनिल शर्मा, नगर निगम मेयर वीरेंद्र भट्ट, एसपी मंडी साक्षी वर्मा, एएसपी अभिमन्यु वर्मा, एडीएम डॉ. मदन कुमार सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।
