सचिन शर्मा, मनाली: नवंबर का आधा महीना बीतने के साथ ही अब मनाली घाटी में सर्दियों ने भी अपनी दस्तक दे दी है। सर्दी की दस्तक देते ही जहां एक और मनाली सहित आसपास की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर आरंभ हो गया है। वहीं निचले क्षेत्रों में तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है। सुबह और शाम के समय तापमान माइनस में होने के कारण जहां लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है वहीं दोपहर के समय तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है, हालांकि सर्दियों ने अभी घाटी व अपनी दस्तक दी ही है लेकिन सर्दियों ने यहां पर अभी से अपना कहर बरपाना आरंभ कर दिया है।

सर्दी और बर्फबारी से निपटने के लिए नगर परिषद मनाली ने भी अपनी तैयारियां अभी से आरंभ कर दी है। नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष चमन कपूर ने कहा कि सर्दियों का मौसम आते ही मनाली सहित आस पास के क्षेत्रों में अब बर्फबारी का दौर भी आरंभ हो गया है और बीते दिनों मनाली शहर में भी हल्की बर्फबारी हुई थी। बर्फ़बारी होने से यहां के तापमान में भी गिरावट देखी गई है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद मनाली ने सर्दियों से निपटने के लिए अपनी तैयारियां में आरंभ कर दी है।
चमन कपूर ने कहा कि सर्दियों के दिनों में सड़कों को अवरुद्ध होने नहीं दिया जाएगा और इसके लिए मनाली शहर में एक स्नो कटर को भी तैनात किया जाएगा। जेसीबी को भी तैनात किया जाएगा ओर बंद पड़ी सड़कों को जल्द बहाल किया जाएगा, ताकि लोगों को किसी तरह की दिक्कतों का सामना ना करना पड़े। इसके साथ ही सर्दियों के दिनों में सफाई व्यवस्था पर कोई असर ना पड़े। इसके लिए सफाई कर्मचारियों के लिए भी गर्म कपड़ों और जूतों का भी प्रावधान किया जा रहा है।
