Shimla, 24 July-मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र के मसेरन के निकट तरंगला में हुए भीषण बस हादसे पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में सात लोगों की जान चली गई, जबकि 27 अन्य घायल हुए हैं।
घायलों का प्राथमिक उपचार नागरिक अस्पताल सरकाघाट में किया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा हेतु एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। यह हादसा उस समय हुआ जब हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस सरकाघाट से दुर्गापुर की ओर जा रही थी।मुख्यमंत्री ने मंडी जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिजनों को अनुग्रह राशि शीघ्र प्रदान की जाए और घायलों के इलाज में कोई कमी न रहे। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
