Bilaspur, Subhash-मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज बिलासपुर जिले के नम्होल के समीप हुए बस हादसे के पीड़ितों से मिलने के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती घायलों से बातचीत की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सीएम सुक्खू ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों को तुरंत सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। फिलहाल एम्स बिलासपुर में हादसे के 32 घायल यात्रियों का इलाज चल रहा है, जबकि बस चालक को मार्कंड स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती किया गया है।हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए थे। घायलों को प्राथमिक चिकित्सा के साथ-साथ फौरी राहत राशि भी उपलब्ध कराई गई है।मुख्यमंत्री के साथ तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, पवन ठाकुर, संजीव गुलेरिया और गौरव शर्मा भी मौजूद थे। इसके अतिरिक्त उपायुक्त राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे।
