विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: भारत सरकार की मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स के तत्वाधान में नेहरू युवा केंद्र ऊना के सौजन्य से आपदा प्रबंधन टीम भरवाईं ने वन विभाग भरवाईं के साथ मिलकर धूमधाम से स्वच्छता अभियान मनाया। रेंज ऑफिसर गिरधारी लाल ने अपने वक्तव्य में स्वच्छ भारत अभियान की आवश्यकता व जन भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी क्षेत्र धार्मिक पर्यटन का केंद्र होने की वजह से स्वच्छ भारत अभियान के लिए उचित स्थान है। यहां की सुविधाओं के साथ-साथ स्वच्छता भी पर्यटकों को आकर्षित करती है। स्वच्छता के प्रति निष्ठा व समर्पण का भाव हर नागरिक के मन में होना चाहिए।
आपदा प्रबंधन टीम भरवाई के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने कहा कि स्वच्छता सीधे तौर पर स्वास्थ्य से जुड़ी है। स्वच्छ वातावरण में बीमारियां भी दूर रहती हैं तथा व्यक्ति की कार्यक्षमता भी बढ़ जाती है।
इस मौके पर ब्रांच ऑफिसर सचिन, वनरक्षक दिवेंदर, शशिपाल , विशाल सहित स्वयंसेवी मयंक, प्रबल, साहिल,सुमित ,जनकराज आदि भी उपस्थित रहे।
