मंजूर पठान चंबा: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर जिला चंबा में युवाओं को मतदान के लिए जागरूक करने को लेकर अभियान जोरों शोरों से चलाया जा रहा है। इसके तहत जहां पंचायत स्तर पर अलग-अलग तरह के कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं तो वहीं युवाओं को जिला के अलग-अलग स्थानों पर ईवीएम और वीवीपैट की जानकारी भी मुहैया करवाई जा रही है, जिससे युवा इन चुनावों में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन चंबा की ओर से मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा निर्वाचक भागीदारी जागरूकता कार्यक्रम “स्वीप” के तहत विभिन्न स्थानों में ईवीएम एवं मतदान जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही है।
जिला स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया की सोमवार को तय कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र चंबा के तहत न्यू बस स्टैंड चंबा, विधानसभा क्षेत्र भरमौर के तहत चौरासी मंदिर परिसर विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिंगाधर में स्वीप कार्यक्रम के तहत लोगों को मतदान के महत्व और ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने यह भी बताया कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन के प्रशिक्षकों की ओर से मतदान करने की प्रक्रिया और उसके साथ ही वीवीपैट के माध्यम से मतदान सत्यापन की प्रक्रिया की भी जानकारी मतदाताओं को दी जा रही है और लोगों को मतदान करने के प्रति जागरूक किया जा रहा।
