बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- गोबिंदसागर झील किनारे अज्ञात लोग एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री फैंक गए हैं। हालांकि इससे पहले भी गोबिंदसागर झील किनारे कूड़ा कचरा ठिकाने को लगाने को लेकर विरोध हुआ है। लेकिन इसके बावजूद भी लोग अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं।
बिलासपुर के अधिवक्ता लेंगे कानून प्रक्रिया का सहारा
इस गंभीर मसले को लेकर बिलासपुर के अधिवक्ता सुमन ठाकुर कानून प्रक्रिया का सहारा लेंगे। ताकि मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो सके। बताया जा रहा है कि लुहणू मैदान के समीप गोबिंदसागर झील किनारे अज्ञात लोग नमकीन के पैकेट्स फैंक गए। यहां पर इन लोगों द्वारा फैंके गए इन पैकेट्स का ढेर लगा हुआ है। हैरानी इस बात की है कि यह एक्सपायरी हैं और पशु भी इन एक्सपायरी वस्तुओं को खाते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, जब यह वस्तु झील में मिलेगी तो इसका प्रभाव मत्स्य उत्पादन पर भी पड़ सकता है। जिसके चलते इस ओर उचित कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
जारी किया जाएगा नोटिस
उधर, ईओ बिलासपुर उर्वशी वालिया ने बताया कि इस मसले को लेकर नोटिस जारी किया जाएगा। वहीं, नजदीकी सीसीटीवी फुटेज खंगाली जाएगी। इस ओर उचित कदम उठाए जाएंगे।
