हमीरपुर, अरविंद -नेशनल हाईवे 103 पर ठमाणी क्षेत्र के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है, खासकर इसलिए क्योंकि मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब एक बजे तीन युवक ट्राला जीप में दूध की सप्लाई लेने के लिए बिलासपुर की ओर जा रहे थे। वाहन को लवेश पटियाल चला रहा था, जबकि उसके साथ उसका भाई शौर्य पटियाल और दोस्त रोहित सवार थे।ठमाणी के पास पहुंचने पर चालक ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहन के कारण संतुलन बिगड़ गया और ट्राला जीप ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान रोहित ने दम तोड़ दिया। अन्य दो घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण करवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ठाकुर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मृत्यु हुई है और दो घायल हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना से परिवार और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है।
Chandrika
