विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी में भक्तों की अटूट आस्था और श्रद्धा है। यही वजह है कि इस मंदिर में भक्त दिल खोलकर दान करते हैं और यह मंदिर हिमाचल का सबसे अमीर मंदिर हैं। चिंतपूर्णी मंदिर में बीते शनिवार से सोमवार 3 दिनों में 70 हजार के करीब श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन किए हैं और माता रानी को अपनी श्रद्धा के अनुसार चढ़ावा भी चढ़ाया है। इन सभी भक्तों ने 37 लाख रूपए का चढ़ावा मां के चरणों में 3 दिनों में समर्पित किया है।
मां चिंतपूर्णी के दरबार में ज्यादातर श्रद्धालु पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से भी पहुंचते हैं। ऐसे में इन पंजाब के श्रद्धालुओं की ओर से माता रानी को नकदी के साथ ही सोने, चांदी का चढ़ावा भी चढ़ाया जाता है। बीते तीन दिनों में मंदिर न्यास को प्राप्त 37 लाख 40 हजार 455 रुपए के नगद चढ़ावे में शनिवार को 10 लाख 30447, रविवार को 12 लाख 33634 और सोमवार 14 लाख 76374 रुपए प्राप्त हुए हैं।
बता दें कि मंदिर में आने वाले श्रदालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। जगह- जगह होमगार्ड जवानों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है। मंदिर अधिकारी बलबंत सिंह ने बताया कि बीते दिन दिनों में श्रदालुओं की भीड़ मंदिर में ज्यादा थी। मंदिर प्रशासन की ओर से यहां बेहतर व्यवस्था बनाने की कोशिश की गई हैं। उन्होंने बताया कि लिफ्ट वाली साइड भी व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है और बुजर्गों के साथ दिव्यांग श्रद्धालुओं को लिफ्ट से सबसे पहले मंदिर भेजा जाता है।
