बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- प्रदेश सरकार आर्थिकी का रोना रोने के बजाए फिजूलखर्ची रोके। वहीं पूर्व सरकार के कार्यकाल में जन हित में जो निर्णय लिए थे उन्हें लागू किया जाए। ताकि प्रदेश की जनता को लाभ मिल सके। वहीं, यदि प्रदेश सरकार ने जनविरोधी निर्णय लेना बंद नहीं किए तो भाजपा आम जनता के साथ मिलकर जन आंदोलन खड़ा करेगी। जिससे प्रदेश सरकार चलाना भी मुश्किल हो जाएगा। यह बात बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में नयनादेवी विधायक एवं प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कही।
विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य संस्थानों को बंद कर दिया गया है। वहीं, नयनादेवी विस क्षेत्र के तहत स्वारघाट में बच्चों की सुविधा के लिए खोले गए कॉलेज को भी बंद कर दिया गया। जबकि इस कॉलेज में 20 विद्यार्थियों की संख्या थी। इस कॉलेज का न केवल बिलासपुर जिला बल्कि सोलन जिला के बच्चों को भी मिल रहा था। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विधायक निधि पर भी रोक लगा दी। जबकि विधायक निधि की तीन किस्ते मिल चुकी हैं। यह विधायक निधि आम जनता पर खर्च होती है।
