बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: बिलासपुर के दयोथ में चार दिवसीय अंतर्राज्यीय लोक सांस्कृतिक उत्सव का समापन हो गया। ये आयोजन हिम कला संगम द्वारा उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र पटियाला एवं भाषा एवं संस्कृति विभाग बिलासपुर के सहयोग से किया गया। साथ ही जिला स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। उत्सव के समापन अवसर पर मुख्य सचिव हिमाचल प्रदेश आरडी धीमान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि, एसडीएम सदर रामेश्वर दास विशेष रूप से उपस्थित रहे। खेल कूद प्रतियोगिता में जिला भर की विभिन्न टीमों ने भाग लिया और महिला मंडलों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मुख्यातिथि ने विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्यातिथि ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर ऐसे उत्सवों का आयोजन समय समय पर होना जरूरी है। ताकि हमारी संस्कृति जीवित रह सके। वहीं, एसडीएम रामेश्वर दास ने कहा कि बहुत खुशी होती है जब ग्रामीण व पंचायत स्तर में ऐसे कार्यक्रम होते हैं । उन्होंने जनता से भी आग्रह किया है कि ऐसे कार्यक्रम करवाते रहे ताकि बुजुर्ग, ग्रामीण, महिला व बच्चे भी ऐसे कार्यक्रमों में बढ़ चढ़ कर भाग ले सकें।
